अमेजन 1 ट्रिलियन डॉलर (71 लाख करोड़ रुपए) मार्केट कैप वाली अमेरिका की दूसरी और दुनिया की तीसरी कंपनी बन गई। इसका शेयर मंगलवार को 2% तेजी के साथ 2050.50 डॉलर पर पहुंच गया। इस बढ़त से मार्केट वैल्यू में इजाफा हुआ।
एपल दो अगस्त को 1 ट्रिलियन डॉलर की पहली अमेरिकी कंपनी बनी थी। अमेजन का मार्केट कैप एपल से 9900 करोड़ डॉलर कम है। एपल से पहले 2007 में शंघाई के शेयर बाजार में पेट्रोचाइना का मार्केट वैल्यूएशन 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े पर पहुंचा था।
दुनिया की टॉप-3 मार्केट कैप वाली कंपनियां
कंपनी | मार्केट कैप (डॉलर) |
एपल | 1099 अरब |
अमेजन | 1000 अरब |
माइक्रोसॉफ्ट | 856 अरब |
एक साल में शेयर 100% से ज्यादा चढ़ा: पिछले 12 महीने में अमेजन के शेयर ने 108% रिटर्न दिया। इस साल जनवरी से अब तक इसमें 74% तेजी आई। पिछले तीन महीने में निवेशकों को 20% और एक महीने में करीब 12% मुनाफा दिया।
21 साल में शेयर प्राइस बढ़कर 114 गुना: 15 मई 1997 को 18 डॉलर पर अमेजन के शेयर की लिस्टिंग हुई। मंगलवार की तेजी के बाद शेयर 2050 के ऊपर चला गया। आईपीओ में 1000 डॉलर के निवेश की वैल्यू अब 13 लाख 41 हजार डॉलर से भी ज्यादा हो गई।
तारीख | शेयर प्राइस |
15 मई 1997 | 18 डॉलर |
23 अक्टूबर 2009 | 100 डॉलर |
27 अक्टूबर 2017 | 1000 डॉलर |
30 अगस्त 2018 | 2000 डॉलर |
जेफ बेजोस दुनिया में सबसे अमीर: अमेजन के फाउंडर और सीईओ लंबे समय से दुनिया के अमीरों की लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में 166 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ बेजोस नंबर-1 हैं। शेयर में तेजी से इस साल उनकी दौलत में 66.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। बिलेनियर इंडेक्स में 98.1 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ बिल गेट्स दूसरे नंबर पर हैं। एशिया के सबसे अमीर मुकेश अंबानी 47.7 अरब डॉलर के साथ 12वें नंबर पर हैं।
अमेजन का सफर
1994 | किताब बेचने से शुरुआत |
मई 1997 | अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग |
जून 1998 | आईएमडीबी का अधिग्रहण
ऑनलाइन म्यूजिक स्टोर की शुरुआत |
दिसंबर 2000 | कैमरा, फोटो स्टोर शुरू किया
अमेजन मार्केटप्लेस लॉन्च |
फरवरी 2005 | अमेजन प्राइम लॉन्च |
नवंबर 2007 | अमेजन किंडल, अमेजन म्यूजिक शुरू |
सितंबर 2011 | किंडल फायर, किंडल टच, किंडल टच 3जी बाजार में उतारे |
दिसंबर 2016 | अमेजन वीडियो लॉन्च
ड्रोन सर्विस प्राइम एयर से पहली डिलीवरी |
अगस्त 2017 | 13 अरब डॉलर में होल फूड्स का अधिग्रहण |

